अलीगढ़वा में बिजली के पोल से टकराई बाइक, चालक गम्भीर रुप से घायल

बर्डपुर/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र कपिलवस्तु के अलीगढ़वा-ककरहा मार्ग पर मदतिया के पास एक बाइक बिजली के पोल से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक 25 बर्षीय उस्मान गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले अलीगढ़वा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गम्भीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिपरहवा निवासी उस्मान मदतिया की तरफ से अपने घर लौट रहा था। तभी उसकी मोटरसाइकिल सड़क के बीच में लगे बिजली के पोल से टकरा गई और वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। वहीं राहगीरों ने बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क के बीच में लगा बिजली का पोल है। सड़क चौड़ी कर दी गई, लेकिन पोल को स्थानान्तरित नहीं किया गया, जिससे पहले भी कई लोग चोटिल हो चुके हैं। इस पोल से 11000 वोल्ट की बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन इसकी सुरक्षा के लिए नीचे कोई जाली या घेरा नहीं लगाया गया है। समाचार लिखे जाने तक घायल उस्मान की हालत गम्भीर बनी हुई है। इस सम्बन्ध में कपिलवस्तु थानाध्यक्ष विपिन प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें घटना के बारें में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।




