आकाशीय बिजली गिरने से महिला की हुई मौत, मातम

महराजगंज। जिले के निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत धमऊर कुट्टी टोला में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। खेत के पास बकरियां चरा रही ग्राम पंचायत की सुदामी देवी (45) वर्ष पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतका के बड़े पुत्र सीताराम यादव ने बताया कि उनके पिता का निधन पिछले वर्ष हो गया था। अब मां सुदामी देवी की अचानक हुई मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोग भी इस हादसे से गमगीन हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने मृतका के परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। इस बाबत ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक मदद के साथ-साथ अन्य राहत उपलब्ध कराई जाए।




