मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को दी जा रही जागरूकता

श्रावस्ती। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत श्रावस्ती पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें स्कूल-कॉलेज, कस्बों और गाँवों में पहुँचकर छात्राओं व महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध करा रही हैं। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस कर्मियों ने हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 102/108, 1098, 1076, 1930 सहित कई अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सरकारी योजनाओं, कानूनी प्रावधानों और मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका पर भी चर्चा की। जागरूकता बढ़ाने के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए। इसी क्रम में कोतवाली भिनगा की टीम ने राहुल स्मारक इंटर कॉलेज सेमरी और ग्राम हल्ला जोत के अलावा कस्बा भिनगा के काली मंदिर पर कार्यक्रम किया। इकौना थाना क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर, सोनवा थाना टीम ने गिलौली व हुसैनपुर खुरूहुरी के विद्यालयों में, सिरसिया पुलिस ने त्रयंबकेश्वर आदर्श इंटर कॉलेज डगमरा सेतु पर, मल्हीपुर पुलिस ने बीरगंज चौराहे पर, गिलौला थाना टीम ने किसान इंटर कॉलेज सुविखा में और हरदत्तनगर गिरन्ट पुलिस ने मिर्जापुर चौराहे पर महिलाओं व छात्राओं से संवाद किया। इन आयोजनों में महिलाओं को न केवल सुरक्षा उपायों से अवगत कराया गया बल्कि उन्हें यह भी भरोसा दिलाया गया कि किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस उनके साथ खड़ी है। अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी महिला अपने अधिकारों और सुविधाओं से अनजान न रहे।




