हयात नगर में भ्रष्टाचार का महाकुम्भ, विकास कार्यों में मचा खुला खेल

बांसी/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड बांसी के एडीओ पंचायत कुम्भकर्णी नींद में सो रहे हैं, जिसको लेकर विकास कार्यों में खुला खेल मचा हुआ है। वहीं सफाई व्यवस्था ध्वस्त है और अधिकारी मस्त हैं। विकास खण्ड बांसी में एडीओ पंचायत वर्षों से कुम्भकर्ण की तरह जमे हुए हैं, लेकिन विकास कार्यों में भारी गड़बड़ी और सफाई व्यवस्था की बदहाली पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। कागजों पर विकास दिख तो रहा है लेकिन जमीनी हकीकत पर बर्बादी हो रही है। कागजों में विकास की गंगा बह रही है, लेकिन गांवों की हकीकत खस्ता है। वहीं फर्जी आंकड़ों के सहारे शासन और सरकार को गुमराह किया जा रहा है। हयात नगर में आरसीसी सेन्टर में घोटाला हुआ है। विकास क्षेत्र हयात नगर में आरसीसी सेन्टर का निर्माण ढांचा खड़ाकर खानापूर्ति की गई। जानकारों के मुताबिक ग्राम प्रधान, सचिव और एडीओ पंचायत से लेकर ऊपर बैठे अफसरों तक की कमीशनखोरी के चलते यह निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। आधे-अधूरे कार्य, पूरा भुगतान ब्लॉक में कई अधूरे प्रोजेक्ट हैं, लेकिन भुगतान पूरा हो चुका है। सूत्र बताते हैं कि स्थानीय होने के कारण एडीओ पंचायत सब “सेटिंग-गेटिंग” करने में माहिर हैं।




