सड़क पर कचरे का अम्बार, मवेशी खाने को मजबूर, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत शोहरतगढ़़ क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने आई है। मुख्य बाजार और अस्पताल के पास सड़क पर जगह-जगह कचरे का अम्बार देखने को मिला। हालत यह है कि मवेशी उसी कचरे को खाने को मजबूर हैं। इससे न केवल गन्दगी और दुर्गन्ध फैल रही है बल्कि संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा दिन में कई बार झाडू लगाई जाती है, लेकिन कचरा उठाने और डस्टबिन की व्यवस्था न होने से यह सड़क पर ही पड़ा रह जाता है। अस्पताल के आस-पास गन्दगी का होना गम्भीर स्वास्थ्य खतरे का संकेत है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई और कचरा निस्तारण के बड़े-बड़े दावे किये जाते हैं पर जमीनी स्तर पर तस्वीर इसके उलट है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन लगाये जाये और सफाईकर्मियों की निगरानी बढ़ाई जाये ताकि नागरिकों को गन्दगी और बीमारी से राहत मिल सकें।




