बाँट माप विभाग ने शोहरतगढ़ व बढ़नी में चलाया जांच अभियान

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। तहसील शोहरतगढ़़ क्षेत्र में बाँट माप विभाग की ओर से छापेमारी में कई दुकानों पर कार्रवाई होने से अनियमितता करने वाले व्यापारियों में हड़कम्प मच गया। जांच अभियान वरिष्ठ निरीक्षक दिलीप कुमार एवं निरीक्षक आनन्द प्रकाश सिंह के नेतृत्व में शोहरतगढ़ व बढ़नी क्षेत्र में गैस एजेंसी, पेट्रोल पम्पों व अन्य विभिन्न तरह की दुकानों पर टीम ने पहुंचकर माप तौल व प्रिन्ट रेट से ज्यादा पैसे लेने, समय से कांटो के सत्यापन आदि की जानकारी ली। आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ के मस्जिद मोहल्ला के पास मीट विक्रेता रहमत अली, अजमत अली, रईस कुरैशी, चांद बाबू के दुकान पर पहुंचकर टीम द्वारा माप तौल में गड़बड़ी मिलने पर धारा 24/33 के तहत कार्रवाई करते हुए नोटिस दिया। इसी तरह पुरानी तहसील के पास स्थित अकरम के दुकान पर भी छापेमारी की गई और अनियमितता पाये जाने पर कार्यवाही की गई। टीम ने बोहली गैस एजेंसी के गैस सिलेण्डर वाहन को रास्ते में रोक कर जांच किया। वाहन के साथ कांटा नाप-तोल न मिलने पर चालान की कार्रवाई की गई। वरिष्ठ निरीक्षक द्वारा विजय आटोमोबाइल्स बढ़नी पेट्रोल पम्प की जांच इंडियन आयल के सेल्स आफिसर के साथ की गई, जिसमें कोई अनियमितता नहीं मिली। डुमरियागंज में शीतल पर प्रिन्ट रेट से अधिक दाम ग्राहक से लेने पर दुकानदार को नोटिस दी गई। वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि यदि कोई भी दुकानदार ग्राहक से एमआरपी रेट से ज्यादा पैसा लेता है या मिठाई विक्रेता मिठाई के साथ डब्बे का भी वजन तौलकर देगा और गैस सिलेण्डर की डिलीवरी गाड़ी के साथ सत्यापित कांटा नही रखेगा तो ऐसे लोगो के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। वरिष्ठ निरीक्षक ने कहा कि विधिक माप विज्ञान बाँट माप विभाग की सभी सेवायें आनलाइन कर दी गई हैं। अब व्यापारियों को सत्यापन के लिए आफिस के चक्कर नही काटने पड़ेंगे।




