एसएसबी ने अलग-अलग स्थानों से 5 बोरी यूरिया के साथ एक तस्कर को पकड़ा

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। 3 अगस्त 2025 को एसएसबी की सीमा चौकी धनगढ़वा और पोखरभिटवा के जवानों ने सीमा स्तम्भ संख्या 546 और 550 के पास से कुल 5 बोरी यूरिया, 2 मोटरसाइकिल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। सीमा चौकी धनगढ़वा और पुलिस चौकी लालपुर का संयुक्त नाका दल सीमा स्तंभ संख्या 546 के पास तैनात था। जवानों ने देखा कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बोरियां लादकर नेपाल की ओर जा रहा था। रुकने का इशारा करने पर वह मोटरसाइकिल और बोरियां छोड़कर नेपाल की तरफ भाग गया। जांच में वहां से एक मोटरसाइकिल के साथ 3 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। इसी दौरान सीमा चौकी पोखरभिटवा के गश्ती दल ने सीमा स्तम्भ संख्या 550 के पास एक और व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर यूरिया की बोरियां लादे हुए देखा। पीछा करने पर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 2 बोरी यूरिया बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम 19 बर्षीय सलमान खान पुत्र अब्दुल कादिर, ग्राम पोखरभिटवा, पोस्ट पंचगावा, जिला सिद्धार्थनगर बताया। धनगढ़वा चौकी के नाका दल ने 3 बोरी यूरिया और एक साइकिल को जब्त कर पुलिस चौकी लालपुर को सौंप दिया। वहीं पोखरभिटवा चौकी के गश्ती दल ने एक मोटरसाइकिल और 2 बोरी यूरिया के साथ पकड़े गये व्यक्ति को पुलिस थाना कपिलवस्तु के हवाले कर दिया। 43वीं वाहिनी एसएसबी भारत-नेपाल सीमा पर होने वाली तस्करी और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए निरन्तर प्रयासरत है। यह कार्रवाई सीमा पर सतर्कता बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




