ई-रिक्शा बैटरी चार्जर लगाते समय गरीब रिक्शा चालक की मौत

सिद्धार्थनगर/शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ कस्बा के अटलनगर छतहरा वार्ड में शनिवार रात घर पर ई-रिक्शा बैटरी चार्ज करने के लिए प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आने से रिक्शा चालक की मौत हो गई। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने रविवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शोहरतगढ़ कस्बा के अटलनगर छतहरा वार्ड निवासी राम वृक्ष (45) पुत्र स्व. राम कुमार शनिवार की रात अपने घर पर ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करने के लिए प्लग लगा रहा था। इस दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गया और तड़पने लगा। रामवृक्ष को तड़फता देख परिवार के लोग शोर मचाते हुए दौड़ पड़े।परिवार वाले उसे इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां से फिर सीएचसी शोहरतगढ़ ले गए जहां डॉक्टरों ने से उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान आधी रात के बाद उसकी मौत हो गई। रामवृक्ष की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वह अकेला घर का कमाऊ सदस्य था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरणपोषण कर रहा था। वह अपने पीछे पत्नी सहित पुत्र करन (20), अर्जुन (15), पुत्री लाली (15), निशा (12), मनीषा (11) व पतिराज (6) को छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर हाल बेहाल है। रविवार को परिवार के सदस्यों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं चेयरमैन उमा अग्रवाल, रवि अग्रवाल, सभासद मनोज कुमार ने उसके निधन पर शोक जताया है।




