परिषदीय स्कूलों में विद्यार्थियों ने दी गणित और कला विषय की परीक्षा

सिद्धार्थनगर। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में बच्चों की वार्षिक परीक्षा चल रही है। बुधवार को जनपद के सभी परिषदीय स्कूलों में पहली पाली में गणित और दूसरी पाली में कला की परीक्षा कराई गई। कक्षा सात और आठ के गणित के कुछ कठिन प्रश्नों को हल करने में बच्चों को कठिनाई हुई। परीक्षा नियमानुसार और नकल विहीन कराने के लिए विभागीय अफसरों ने स्कूलों का निरीक्षण भी किया। जिले के 2264 स्कूलों में बुधवार को कक्षा तीन से आठ तक गणित विषय की और कला विषय की परीक्षा कराई गई। प्राथमिक स्कूलों में बच्चे चटाई पर बैठकर और जुनियर स्कूलों के बच्चे सीट बेंच पर बैठकर परीक्षा दिये। पहली पाली में कक्षा सात के गणित विषय की परीक्षा में चक्रवृद्धि ब्याज, त्रिभुज, वृत्त के क्षेत्रफल और प्रत्यक्ष कर, अप्रत्क्ष कर के प्रश्नों से बच्चे जूझते नजर आए। बच्चों ने बताया कि परीक्षा अच्छी हुई है, सभी सवालों को हल किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे जिले में बच्चों की वार्षिक परीक्षा सकुशल शुचितापूर्ण सम्पन्न कराई जा रही है। विकास खण्ड बर्डपुर के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय मधुबेनिया में बुधवार को बच्चो की परीक्षा सम्पन्न हुई, परीक्षा के समय सभी शिक्षक सभी बच्चों की परीक्षा कराने में व्यस्त रहें। इस दौरान ब्लॉक के ए आर पी हरिमोहन सिंह के द्वारा पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय मधुबेनिया का पर्यवेक्षण किया गया और सभी कक्षाओं में जाकर परीक्षा व्यवस्था को देखा गया। एआरपी हरिमोहन सिंह ने बताया कि ब्लॉक के सभी स्कूलों में वार्षिक परीक्षा सकुशल हो रही है। सभी विषयों की वार्षिक परीक्षा 28 मार्च तक करा ली जायेगी और उसके बाद शिक्षकों द्वारा मूल्यांकन का कार्य किया जायेगा और बच्चों को परीक्षाफल वितरित किया जायेगा। इस साल प्रेरणा पोर्टल पर बच्चों का रिपोर्ट कार्ड अपलोड कर दिया जायेगा। रिपोर्ट कार्ड को बच्चे व उनके अभिभावक ऑनलाइन भी देख सकेंगे।




