शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिक उत्सव में छात्र अभिभावक हुए सम्मानित

सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र बर्डपुर के अन्तर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा चौधरी में शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पूरे वर्ष सर्वाधिक उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री कलीमुल्लाह ने बताया कि शासन द्वारा आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिन्हांकित करके शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा संचालित निपुण भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, डीबीटी, मध्यान्ह भोजन योजना, शारदा कार्यक्रम ऐसी योजना है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीण जनता के बच्चों को मिल रहा है और गांव गरीब से बच्चे शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ कर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से शत-प्रतिशत बच्चों के नामांकन एवं नामांकन के पश्चात ठहराव और शत प्रतिशत उपस्थिति हेतु सहयोग का अनुरोध किया। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय में सर्वाधिक उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं में कक्षा 8 की मोहिनी भारती, ज्योति एवं बृजेश चौहान, कक्षा 7 की स्मिता, संध्या एवं सचिन, कक्षा 6 की महिमा, नेहा और अमन को क्रमशः प्रथम द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार में कॉपी कलम, पेंसिल, रबर देकर पुरस्कृत किया गया तथा उनके अभिभावक जियाऊ, पुनीता, कान्ती को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिक उत्सव के कार्यक्रम में बच्चों ने रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल कूद, चित्र कला, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी अभिभावकों और बच्चों को जल जलपान एवं मिष्ठान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक कलीमुल्लाह अनुदेशिका नीलम देवी, छात्र अभिभावक अमीरुल्लाह, पेशकार, निर्मला, सरस्वती, नूर जहां, पुनीता, कांति आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहें।




