पयागपुर में बसन्तोत्सव पर सजा माँ सरस्वती का दरबार

पयागपुर/ बहराइच। बसंत पंचमी के अवसर पर भूपगंज बाजार स्थित सरस्वती चौराहे पर आयोजित सरस्वती पूजन समारोह में मूर्ति स्थापना के साथ पूजन अर्चन का कार्य शुरू किया गया। अयोध्या के फूलों से सजा माता सरस्वती का दरबार और ध्वनि विस्तारक यंत्रों से गूंज रहे वैदिक मंत्रोच्चार से समूचा परिक्षेत्र भक्तिरस में सराबोर है। बसन्तोत्सव पर्व पर जय माँ सरस्वती पूजन समिति के तत्वावधान मे आयोजित सरस्वती पूजन समारोह में रविवार को मूर्ति स्थापना के साथ पूजन अर्चन का कार्य शुरू किया गया ।माता रानी की प्रतिमा को भव्यता प्रदान करने के लिये अयोध्या धाम से आये फूलों के द्वारा दरबार की सजावट की गयी ,जो जनमानस में आकर्षण का केंद्र बनी है।रविवार शाम पुरोहित चंद्रमोहन तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन का कार्यक्रम शुरू कर दिया गया।समिति के प्रशांत सिंह ने बताया कि रात्रि में विशाल जागरण का आयोजन किया गया,जिसमे कानपुर की मशहूर भजन गायिका किरन गुप्ता व राजू कुलकर्णी द्वारा भक्तिमय भजनों के साथ की मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति की गई।आयोजन समिति के चन्दन त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को कन्या भोज के साथ मातारानी की प्रतिमा नगर भ्रमण करते हुए ताल बघेल घाट को विसर्जन के लिये जायेगी,जहां पर विधि विधान पूर्वक प्रतिमा का विसर्जन कार्यक्रम सम्पन्न कराया जायेगा।इस अवसर पर समिति द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे।कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने में समिति के सूरज शर्मा भारद्वाज, मोहित शुक्ला,दिलीप पाण्डेय,कपिल त्रिपाठी, सुरेश सिंह,कौशल त्रिपाठी, अनुभव शुक्ला आदि तमन्यता से जुटे रहे।




