विद्यालय का ताला तोड़ एमडीएम के सभी सामान व अभिलेख ले गए चोर

बांसी। स्थानीय कोतवाली एवं मिठवल विकास क्षेत्र अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय नरही प्रथम में अभिलेख सहित कई सामानों की चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली पुलिस को दिए तहरीर में प्रधानाध्यापिका रीना ने कहा है कि 11 जनवरी की रात कार्यालय कक्ष का दरवाजा व अन्य कक्ष का ताला तोड़कर चोरों ने विद्यालय में रखा एक अदद गैस सिलेंडर, दो अदद बड़ा भगोना, एक अदद डबल बर्नर गैस चूल्हा, एक बड़ा साउंड बॉक्स/स्पीकर एवं लगभग एक कुंतल चावल व 50 किलो गेहूं के अलावा बैग में रखे आधा दर्जन विद्यालय से संबंधित रजिस्टर व अन्य जरूरी कागजात चोरी कर लिया है। चोरी की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा भी 12 जनवरी को दी गई है ।विद्यालय खुलने पर श्रीमती रीना ने भी पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर विधि कार्रवाई करने की मांग की है। विदित हो कि शीतकालीन अवकाश के चलते 14 जनवरी तक विद्यालय बंद था।



