भयानक आग से सात गांव की सैकडो बीघा फसल जलकर राख

इटवा/सिद्धार्थनगर। खुनियांव विकास क्षेत्र के कई गांवों के सीवान में भयानक आग लग गयी। दोपहर में लगी आग ने कुछ ही घंटों में भयंकर रूप धारण कर लिया। आग से खेत में खडी गेहूं की सैकडो बीघा फसल जल कर राख हो गयी। खुनियांव विकास क्षेत्र के कई गांवों के सीवान में बुधवार दोपहर भयानक आग लग गयी। आग के भयानक रूप में अपनी खडी गेहूं की फसल जलता देख घबराए हुए बेबस किसान रो रहे थे। आग लगने का करण स्पष्ट नहीं हो पाया। बताया जाता है कि आग की लपटें मानादेई के सीवान से उठी जोकि धीरे धीरे सुहेलवा, भटमली, भटंगवा फुलवापुर, खड़रिया, बनगाई आदि गांवों के सीवान तक पहुंच गयी। गनीमत रही कि तेज पछुआ हवा वातावरण से गायब थी। फिर भी दोपहर में डंठल खरखरा होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना पाकर थाना अध्यक्ष गोल्हौरा बृजेश सिंह अपने हमराही कांटेबल मनीष यादव आदि को लेकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। बताया जाता है कि कई घंटों की कडी मशक्कत के बाद जब लोग आग पर काबू पा लिए तब दमकल भी पहुंची। आग लगने की सूचना पाकर उप जिलाधिकारी इटवा, नायब तहसीलदार तथा लेखपाल पन्नालाल यादव भी मौके पर पहुंच कर मौका मुआयना किया।



