गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

बढ़नी जनकल्याण शिविर का सांसद जगदंबिका पाल, विधायक विनय वर्मा व जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

दैनिक बुद्ध का सन्देश
सिद्धार्थनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 14 से 16 जून 2026 तक जनपद के समस्त विकास खंडों में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के क्रम में मंगलवार को विकास खंड बढ़नी में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा एवं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सांसद जगदंबिका पाल एवं विधायक विनय वर्मा का बुके भेंट कर स्वागत किया। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंदों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा तीन करोड़ नए आवासों के लिए सर्वेक्षण का कार्य भी चल रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये दिए जा रहे हैं तथा 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ष्सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयासष् के संकल्प के साथ सरकार कार्य कर रही है और भारत आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की नई दिशा दी है और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि तीन दिनों से विकास खंड स्तर पर लगाए गए इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने लोगों से सभी स्टॉलों का अवलोकन करने तथा आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं तथा ष्एक पेड़ मां के नामष् अभियान के तहत सभी लोगों को पौधरोपण करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल, विधायक विनय वर्मा एवं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी बढ़नी अनीस मणि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!