पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने सीएम योगी से की मुलाकात

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर गुरुवार को पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का मुद्दा उठाया। डॉ0 सतीश द्विवेदी ने 305 इटवा विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक भनवापुर में बिस्कोहर बाजार से सिकौथा तक के मार्ग के विकास की मांग रखी। यह मार्ग नावडीह, दखिनहवा और सिकन्दरपुर होते हुए सिंगारजोत तक जाता है। यह सड़क बलरामपुर जनपद की सीमा को भी जोड़ती है। वहीं श्री द्विवेदी ने साभा धान के बीज की जगह दूसरी प्रजाति के बीज किसानों को मिलने और उससे हुए नुकसान की उचित छतिपूर्ति की बात भी रखी। मुख्यमंत्री योगी ने पूर्व मंत्री की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिस्कोहर-सिंगारजोत मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य को जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया।




