तहसील परिसर में किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी, मांगों पर अड़े रहे किसान

पयागपुर बहराइच। पयागपुर तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन का धरना प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष सहित दर्जनों किसान धरने पर डटे रहे और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
किसानों ने प्रमुख रूप से मंडी समिति पयागपुर में नीलामी चबूतरे पर सब्जी मंडी स्थापित करने तथा नगर पंचायत पयागपुर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने सहित कई अन्य मांग भी उठाई। धरने के दौरान जब भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने मंडी सचिव को मौके पर बुलाने की मांग की, तो उनके स्थान पर मंडी इंस्पेक्टर पयागपुर पहुंचे और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
हालांकि किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मंडी सचिव स्वयं मौके पर नहीं आएंगे, तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान तहसीलदार पयागपुर अंबिका चौधरी ने बताया कि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान कराया जाएगा।
वहीं मंडी सचिव पयागपुर ने पहुंचकर आश्वासन दिया गया कि नीलामी चबूतरे पर सब्जी मंडी लगाए जाने से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक माह के भीतर तीन नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल किसानों ने अपनी मांगों को लेकर धरना जारी रखने का ऐलान किया है और बताया कि धरना प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहेगा।


