गोंडा-बहराइच मार्ग पर दुर्घटना को दावत देता स्वागत द्वार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
बहराइच। गोंडा-बहराइच मार्ग पर बेरिया से आगे, जहां नए बाईपास पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, उससे लगभग 50 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे लगा भारी-भरकम लोहे का स्वागत बोर्ड हादसे को न्योता देता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्वागत द्वार के उत्तर दिशा वाले हिस्से का लोहे का पाइप नीचे से मुड़ कर टेंढा हो गया है, जिससे पूरा ढांचा असंतुलित दिखाई दे रहा है। ऐसे में तेज हवा, कंपन या किसी अन्य कारण से यह कभी भी गिर सकता है, जिससे राहगीरों और वाहनों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
यह मार्ग हमेशा व्यस्त रहता है और दिन-रात बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन यहां से गुजरते हैं। यदि समय रहते संबंधित विभाग या जिला प्रशासन ने इस क्षतिग्रस्त स्वागत बोर्ड की मरम्मत अथवा उसे सुरक्षित नहीं कराया, तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।





