बीज कारोबार होगा पूरी तरह डिजिटल, 15 जुलाई तक कराना होगा ऑनलाइन पंजीकरण

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जिले में बीज कारोबार को पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में कृषि विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब जिले के सभी बीज विक्रेताओं को श्साथीश् पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। विभाग ने इसके लिए 15 जुलाई तक का समय निर्धारित किया है। तय समय तक पंजीकरण नहीं कराने वाले विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।कृषि विभाग के अनुसार जिले में बीज और उर्वरक कारोबार से जुड़ी 1,680 दुकानों को अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से साथी पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद दुकानदारों को उपलब्ध बीज, कंपनी और स्टॉक का पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज करना होगा।नई व्यवस्था लागू होने से किसान किसी भी दुकान पर उपलब्ध बीज की कंपनी, गुणवत्ता और स्टॉक की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे गुणवत्ताहीन या गलत बीज की बिक्री पर रोक लगेगी और किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।कृषि विभाग का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से बीज की खरीद-फरोख्त में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भी मदद मिलेगी। किसानों को बेहतर गुणवत्ता का बीज मिलने से फसल उत्पादन में सुधार होने की उम्मीद है।विभाग ने सभी बीज विक्रेताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण पूरा करने की अपील की है, ताकि नई व्यवस्था का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।




