मुहर्रम को लेकर शोहरतगढ़ थाने में हुई पीस कमेटी की बैठक

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शोहरतगढ़ थाना सभागार में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जुलूस आयोजकों, ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान मुहर्रम पर्व के आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का सत्यापन कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।उन्होंने उपस्थित लोगों को उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।बैठक को संबोधित करते हुए जामा मस्जिद के सदर अल्ताफ हुसैन ने मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक संतोष यादव, मुख्य आरक्षी दिनेश यादव, मुख्य आरक्षी प्रभाकर यादव, आरक्षी रामकरन सहित दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं ताजियादार उपस्थित रहे।




