संदिग्ध परिस्थितियों में दो सगी बहनें लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज

दैनिक बुद्ध का संदेश
चिल्हिया, सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थाना क्षेत्र के एक गांव से दो सगी किशोरियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे 15 और 17 वर्षीय दो सगी बहनें घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गईं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद किशोरियों की मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस टीम संभावित स्थानों पर किशोरियों की तलाश कर रही है और विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों किशोरियों की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।



