खेसरहा के मिरवापुर में दर्दनाक हादसा: नाले में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत,
गांव में पसरा मातम

खेसरहा। खेसरहा थाना क्षेत्र के मिरवापुर गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय मिरवापुर के पास बह रहे नाले के किनारे खेल रहे दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। मृतकों की पहचान आठ वर्षीय आयुष पुत्र बाबूआ और पांच वर्षीय अनिल पुत्र राम सजीवन के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को नाले से बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें पहले बेलौहा बाजार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा रेफर कर दिया गया। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर खेसरहा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी अनुप कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
घटना के बाद मिरवापुर गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने विद्यालय के समीप खुले नाले पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।




