अंडरपास में एक व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप

दैनिक बुद्ध का संदेश
नौतनवा/महराजगंज। नौतनवा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे अंडरपास में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने अंडरपास के भीतर शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बरवा भोज निवासी राकेश भारती (50) पुत्र सीताराम के रूप में हुई है। वह नौतनवा कस्बे की एक कपड़े की दुकान पर कार्य करते थे। अंडरपास में खून से लथपथ शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मृतक नशे की हालत में गिरने से गंभीर रूप से घायल हुआ होगा, लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



