पत्रकारों के लिए बड़ी राहतरू जल्द शुरू होगा नया पोर्टल, सभी पात्र पत्रकारों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड

दैनिक बुद्ध का संदेश
लखनऊ/बहराइच। प्रदेश के पत्रकारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जल्द ही ऐसा नया पोर्टल शुरू करने जा रहा है, जिसके माध्यम से आयुष्मान भारत योजना से अब तक वंचित पत्रकार भी आवेदन कर सकेंगे। इस पहल से उन पत्रकारों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है जो वर्तमान पात्रता मानकों या छह यूनिट की सीमा के कारण योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।बताया गया कि 27 मई को लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के स्थापना दिवस समारोह में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के समक्ष सभी पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। परिषद की ओर से पूर्व में भी इस संबंध में कई बार ज्ञापन सौंपा गया था।सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने पहले आवेदन किया था और जिनका आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बना है, वे अपनी आवेदन स्थिति ऑनलाईन पर देख सकते हैं। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि विभाग शीघ्र ही नया पोर्टल शुरू करेगा, जिसके माध्यम से पत्रकार अपने-अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के जरिए आवेदन कर सकेंगे।राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने पत्रकार हित में उठाए गए इस कदम के लिए सूचना निदेशक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए पोर्टल के शुरू होने के बाद प्रदेश के अधिक से अधिक पत्रकार आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। विभाग का कहना है कि पोर्टल शुरू होते ही इसकी सूचना सभी जिलों को उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि पात्र पत्रकार समय पर आवेदन कर सकें।




