यूपी बोर्ड के अंकपत्रों का इंतजार खत्म, स्कूलों में शुरू हुआ वितरण

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में सफल विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में हाईस्कूल के मूल अंकपत्र और प्रमाणपत्र विद्यालयों तक पहुंचने शुरू हो गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से अभिलेख वितरित किए जा रहे हैं।जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि जिले के सभी हाईस्कूलों के 32,702 तथा इंटरमीडिएट के 22,850 मूल अंकपत्र प्राप्त हो चुके हैं। इन्हें संबंधित विद्यालयों को सौंपा जा रहा है, ताकि छात्र-छात्राओं को समय पर अंकपत्र मिल सकें।उन्होंने बताया कि पहले मूल अंकपत्र और प्रमाणपत्र उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों को प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन और अन्य शैक्षिक औपचारिकताओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब अंकपत्र मिलने से जिले के 55 हजार से अधिक सफल छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों से निर्देशानुसार अंकपत्रों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।




