रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ सिसवा महोत्सव

महराजगंज/सिसवा बाजार। स्थानीय कस्बे के राम जानकी मंदिर परिसर में सिसवा विकास समिति के तत्वावधान में गुरुवार को आयोजित सिसवा महोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनउत्साह के बीच भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। महोत्सव में बच्चों, युवाओं एवं कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने देर शाम तक दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धीरेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने पूरे परिसर को उत्सवमय वातावरण से भर दिया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध कॉमेडियन एवं ‘जूनियर गोविंदा’ के नाम से विख्यात कलाकार दीपक उतवल रहे। उन्होंने अपने शानदार अभिनय, सटीक मिमिक्री और हास्य-व्यंग्य से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। गोविंदा की शैली में प्रस्तुत किए गए उनके डायलॉग्स और नृत्य ने लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। उनकी मंचीय टाइमिंग और ऊर्जा की उपस्थित जनसमूह ने जमकर सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में किसान आदर्श कन्या महाविद्यालय, रामकिशन मेमोरियल स्कूल, सिटी पब्लिक स्कूल, स्टर्लिंग स्कूल, मलवरी स्कूल, क्लाकृति डांस एकेडमी, किसान आदर्श इंटर कॉलेज, चोखराज इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों और एकेडमियों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन सुप्रसिद्ध एंकर अमर राज सक्सेना ,रोशन मद्धेशिया व उमेश जायसवाल ने किया। दोनों संचालकों की सशक्त मंच संचालन शैली, रोचक संवाद और दर्शकों से जीवंत संवाद ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। इस अवसर पर सिसवा विकास समिति अध्यक्ष मनोज केशरी, नपाप अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, संजय जायसवाल, दीपक मधेशिया, धीरेंद्र प्रताप सिंह, अखंड शाही, अवधेश चौबे, अश्वनी रौनियार, राजन विश्वकर्मा, प्रमोद गुप्ता, लालजी सिंह, नागेंद्र मल्ल,सुप्रसिद्ध गायक अमित जायसवाल, रोशनी केशरी, ममता जायसवाल, वंदना केशरी, पूनम सोनी, पूनम मल्ल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। आयोजन के सफल समापन पर आयोजकों ने सभी कलाकारों, दर्शकों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


