दिन दहाड़े चोरों ने की जेवरात सहित हजारों रुपए की लूट

बहराइच। बहराइच शहर के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदमारी बक्शीपुरा में आज दिनदहाड़े एक घर में घुसकर चोरों ने लगभग 90 हजार रुपये नकद और सोने के जेवरात चुरा लिया। घटना के समय घर में केवल गृहस्वामी की पत्नी और उनकी डेढ़ साल की बेटी मौजूद थीं। मिली जानकारी अनुसार, पीड़ित अमित मिश्रा ने बताया कि यह घटना सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हुई। कुछ अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए और जब उनकी पत्नी प्रियांशी पांडे और छोटी बेटी घर के एक कमरे में थीं, तभी चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मिश्रा के घर लौटने पर उनकी पत्नी ने उन्हें इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है और पुलिस से इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।




