पूर्व माध्यमिक विद्यालय जखौली में स्काउट-गाइड प्रगतिशील प्रशिक्षण का दूसरा दिन उत्साहपूर्वक सम्पन्न

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र डुमरियागंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जखौली में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रगतिशील प्रशिक्षण का दूसरा दिन आज उत्साह, जोश और अनुशासन से भरपूर रहा। प्रशिक्षण का संचालन स्काउट मास्टर कुलदीप कुमार के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि दल नायक अभिषेक कुमार ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं को स्काउट-गाइड के सिद्धांत, वेशभूषा की महत्ता, झंडा सलामी, दल गठन, नेतृत्व कौशल, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, गांठें व रस्सी बांधने की तकनीक सहित कई व्यवहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। दिनभर चली प्रशिक्षण गतिविधियों में बच्चों ने अनुशासन और एकजुटता का अद्भुत प्रदर्शन किया। खेल-कूद और सामूहिक गीतों के माध्यम से टीम भावना को विकसित किया गया। प्रधानाध्यापक बृजभूषण दूबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण न केवल विद्यार्थियों में सेवा भावना का विकास करता है, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रबल करता है। उन्होंने प्रशिक्षण में भाग ले रहे सभी बच्चों को शुभकामनाएं दीं और आगामी समापन दिवस को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिसर दिनभर उत्साह से गूंजता रहा और प्रशिक्षार्थियों में अगले दिन के विशेष कार्यक्रम एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह को लेकर उत्सुकता देखी गई।




