खलिहान की जमीन से अवैध कब्जा हटवाये जाने की मांग, डीएम व एसडीएम सहित मुख्यमंत्री से शिकायत

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। तहसील शोहरतगढ़़ अन्तर्गत विकास क्षेत्र बढ़नी के ग्राम पंचायत बसन्तपुर गांव में कुछ लोगों के द्वारा दबंगई के बल पर खलिहान की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगाते हुए गांव निवासिनी गीता देवी पत्नी विक्रम ने डीएम, एसडीएम सहित मुख्यमंत्री को लिखित शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला गीता देवी का कहना है कि हमारे राजस्व गांव में गाटा संख्या 145 जो कि खतौनी में खलिहान के रूप में दर्ज है। जो कि एक सार्वजनिक उपयोग की भूमि है। जिस पर शमीमा पत्नी नुकुददीन व अन्य बहुत से लोग अवैध रूप से कब्जा कर अवैध निर्माण कर लिये है। जिसके कारण वहां पर गांव के लोग अपनी फसल को रखकर खलिहान के रूप में प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में खलिहान की भूमि से अवैध कब्जाधारियों से कब्जा हटवाकर खलिहान की भूमि को खाली करवाये जाने की मांग की है। उक्त सम्बन्ध में हल्का लेखपाल मोहित सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति बहुत पहले से बुनियाद भर रखा है। जिस पर जांच रिपोर्ट भेज दी गई है। वहां पर अब कोई नया निर्माण कार्य नही हो रहा है। कुछ सरकारी भवन जैसे आंगनबाड़ी केन्द्र, आरआरसी सेन्टर (कूड़ाघर) का निर्माण हुआ है, मामला विचाराधीन है। उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार ही कुछ कार्रवाई की जा सकती है।



