गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़सिद्धार्थनगर

बांसी में पुलिस की लापरवाही पर ग्रामीणों का हंगामा, दो घंटे जाम रहा एनएच-28

दैनिक बुद्ध का संदेश
बांसी/सिद्धार्थनगर। थाना शिवनगर डिंडई क्षेत्र के खुटहना चौराहे पर गुरुवार को पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक एनएच-28 (बस्ती-बांसी मार्ग) जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। एसडीएम बांसी विश्वमित्र सिंह और सीओ शुभेन्दु सिंह के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर आवागमन बहाल किया। सूचना पर थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में एसडीएम और सीओ ने पीड़ित परिवार से वार्ता कर लापरवाह पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। मामला 3 जुलाई को करही चौराहे पर हुई एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है। नदांव गांव निवासी रामनरेश गुप्ता अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने 4 जुलाई को थाना शिवनगर में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि बाद में पुलिस ने सूचना दी कि 3 जुलाई को रामनरेश गुप्ता का करही चौराहे पर सड़क हादसा हुआ था। पुलिस उनकी बाइक थाने ले गई थी और घायल अवस्था में पहले सीएचसी तिलौली तथा फिर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। आरोप है कि शव का लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया गया और परिजनों को समय पर इसकी जानकारी नहीं दी गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सड़क जाम कर दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हट गया। मौके पर सर्किल के चार थानों की पुलिस तैनात रही और आवागमन सामान्य होने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button