भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला मजबूत संगठन- राजेश पाल चौधरी

दैनिक बुद्ध का संदेश
नौतनवां /महराजगंज। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुट गई है। इसी क्रम में नौतनवां कस्बे के एक मैरिज हॉल में भाजपा द्वारा बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख, मंडल प्रभारी एवं पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री राजेश पाल चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ऋषि त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि को बुके एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित करने के साथ हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेश पाल चौधरी ने बूथ अध्यक्षों की उपस्थिति की समीक्षा की तथा उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला मजबूत संगठन है और बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विधायक ऋषि त्रिपाठी ने उपस्थित बूथ अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, पन्ना प्रमुखों एवं अन्य पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। विधायक ने कहा कि नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्य ऐतिहासिक हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और किसी भी माफिया में कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने का साहस नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख नौतनवां राकेश कुमार मद्धेशिया, भाजपा नेता राधेश्याम सिंह, पूर्व प्रत्याशी अशोक जायसवाल, लालचंद चौधरी, बच्चू लाल चौरसिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




