जोगिया में ट्रैफिक पुलिस का सघन अभियान ई-रिक्शा चालकों पर ₹30 हजार का जुर्माना

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस एसआई अजय यादव के नेतृत्व में जोगिया क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब ₹30 हजार का जुर्माना लगाया गया। चेकिंग के दौरान चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही जोगियादृउदयपुर चौराहा मार्ग के खतरनाक मोड़ पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चेतावनी एवं जागरूकता साइन बोर्ड भी लगवाए गए, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क होकर सुरक्षित ढंग से वाहन चला सकें। एसआई अजय यादव ने लोगों से अपील की कि यातायात संकेतों और साइन बोर्डों का पालन करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकता है। ट्रैफिक पुलिस की इस पहल को सड़क सुरक्षा और जन-जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




