पहुंचे डीआईजी, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) देवीपाटन परिक्षेत्र गोंडा अशोक कुमार शुक्ला शुक्रवार को श्रावस्ती पहुंचे। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने पुलिस कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया, जबकि सम्मान गार्द ने सलामी देकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में डीआईजी ने क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, वांछित एवं इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, आईजीआरएस, एनबीडब्ल्यू की तामील, महिला संबंधी मामलों की निगरानी तथा ई-साक्ष्य (म-ैंोीलं) के प्रभावी उपयोग की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने श्रावण मास एवं आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए धार्मिक स्थलों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, नियमित पैदल व रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों से फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। अपराध समीक्षा बैठक के बाद डीआईजी ने व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने व्यापारियों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और अपराध नियंत्रण में सक्रिय सहयोग की अपील की। बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



