अंतिम संस्कार के बाद बानगंगा में डूबे तीन युवक, एसडीआरएफ की तलाश जारी

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में अंतिम संस्कार के बाद स्नान करने बानगंगा नदी में उतरे तीन युवक डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तीनों युवकों की तलाश जारी रही। जानकारी के अनुसार जोगिया विकास खंड की ग्राम पंचायत माधवापुर के टोला मिझुनिया निवासी कंचन (85) पत्नी राम मुकुट का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन एवं ग्रामीण शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बैदौली घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद गांव के शिवा चौहान (17) पुत्र राममूरत तथा रवि वरुण (17) पुत्र रामरूप स्नान करने के लिए नदी में उतरे। इसी दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को बचाने के प्रयास में गांव का ही मोनू वरुण (18) पुत्र बबलू नदी में कूद गया, लेकिन वह भी गहराई और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। देखते ही देखते तीनों युवक नदी में लापता हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बढ़नी ब्लॉक की ग्राम पंचायत तालकुण्डा के केवटालिया गांव निवासी राहुल पुत्र रामबेलास भी तीनों को बचाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। हालांकि उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफलता प्राप्त की। हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1रू30 बजे हुआ। काफी देर तक जब तीनों युवक नदी से बाहर नहीं निकले तो मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि शिवा चौहान मृतका का नाती था। वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही दिल्ली से गांव आया था। परिजनों ने उसे नदी में स्नान करने से मना भी किया था, लेकिन वह साथियों के साथ नदी में उतर गया और हादसे का शिकार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार बैदौली घाट के पास बानगंगा नदी का यह हिस्सा काफी गहरा है। बरसात के मौसम में जलस्तर और तेज बहाव के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। प्रशासन ने लोगों से गहरे पानी में उतरने से बचने तथा पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव, थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह, लेखपाल आशीष संगम, निरीक्षक अवधेश पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय, रोशन श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान धर्मबीर, राम अचल, समाजसेवी अनिल चौधरी, सिद्धार्थ चौधरी, अनिल अग्रहरि सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। इसी क्रम में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुलिस ने एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तीनों युवकों की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान लगातार जारी था, लेकिन तीनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका।




