राष्ट्रीय स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा का विस्तार करेगी डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन काउंसिल ऑफ वोकेशनल एजुकेशन

दैनिक बुद्ध का संदेश
लखनऊ। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ट्रस्ट द्वारा संचालित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन काउंसिल ऑफ वोकेशनल एजुकेशन ने अपने व्यावसायिक एवं कौशल विकास कार्यक्रमों को राष्ट्रीय स्तर पर संचालित करने की घोषणा की है। इसी क्रम में काउंसिल के महानिदेशक एवं रजिस्ट्रार डॉ. राम जी मिश्र ने शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र कुमार गुप्त से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान डॉ. राम जी मिश्र ने काउंसिल के उद्देश्यों, कौशल विकास, व्यवसायिक शिक्षा कार्यक्रमों तथा देशभर में संचालित की जाने वाली योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार के योग्य बनाना है। शिक्षा मंत्रालय के नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र कुमार गुप्त ने इस पहल की सराहना करते हुए डॉ. राम जी मिश्र एवं ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की स्वायत्त संस्थाएं देश में कौशल विकास एवं व्यवसायिक शिक्षा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर काउंसिल के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



