बरसात बनी मुसीबत मोहम्मदपुर ककरहा की सड़क पर कीचड़ का कब्जा, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित

दैनिक बुद्ध का संदेश
पयागपुर, बहराइच। विकास खंड पयागपुर के मोहम्मदपुर ककरहा गाँव में खराब सड़क व्यवस्था ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बारिश होते ही गाँव का मुख्य मार्ग जलभराव और कीचड़ से पट जाता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूल वाहन गाँव तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं बच्चों को कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। बारिश के दिनों में यह मार्ग ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और बच्चों को शिक्षा के लिए परेशान न होना पड़े। ग्रामीणों की उम्मीद अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।




