नव युवक ग्राम विकास समिति ने सड़क किनारे पौधारोपण की मांग उठाई

दैनिक बुद्ध का संदेश
इटवा, सिद्धार्थनगर। नव युवक ग्राम विकास समिति ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से संग्रामपुर से गौरा, रसूलपुर, पकरैला, सलवनजोत होते हुए एकड़ेगवा तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क की दोनों पटरियों पर पौधारोपण कराने की मांग की है। इस संबंध में समिति ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। समिति के संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामवृक्ष गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार पौधारोपण अभियान चला रही है। सड़क किनारे फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए जाने से लोगों को शुद्ध वायु मिलेगी, हरियाली बढ़ेगी और सड़क की पटरियों का कटान भी रुकेगा। समिति के अध्यक्ष डॉ. जंग बहादुर चौधरी ने कहा कि बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण, भूमि संरक्षण और मिट्टी के कटाव को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समिति ने जिलाधिकारी से सड़क किनारे पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाने की भी मांग की है।




