सोनौरा तप्पा नादेपार में रुकी चकबंदी प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रयास, ग्रामीणों से किया संवाद

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। नौगढ़ तहसील के ग्राम सोनौरा तप्पा नादेपार में रुकी हुई चकबंदी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (न्याय)/उप संचालक चकबंदी डॉ. ज्ञान प्रकाश की अध्यक्षता में प्राथमिक विद्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में चकबंदी अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद यादव, सहायक चकबंदी अधिकारी राजेश मिश्रा, ग्राम प्रधान रीता, चकबंदी समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में चकरोड, सेक्टर मार्ग, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और पंचायत भवन जैसी सार्वजनिक सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं तथा वे प्रथम चक्र की चकबंदी से संतुष्ट हैं। इसी कारण नई चकबंदी को लेकर उनके मन में कुछ आशंकाएं हैं। डॉ. ज्ञान प्रकाश ने ग्रामीणों को बताया कि द्वितीय चक्र की चकबंदी में केवल आवश्यक सार्वजनिक कार्यों के लिए नाममात्र की भूमि कटौती होगी। उन्होंने कहा कि इस बार ड्रोन, रोवर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भूमि का डिजिटल और त्रुटिरहित अभिलेख तैयार किया जाएगा। इससे चकरोड और नालियों का सटीक निर्धारण होगा, अवैध कब्जों पर रोक लगेगी तथा खेतों का बेहतर पुनर्गठन होने से किसानों की पैदावार और आय बढ़ेगी। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के बाद ग्रामीणों की रुचि तो बढ़ी, लेकिन उन्होंने अभी अंतिम सहमति नहीं दी। किसानों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अपर जिलाधिकारी ने उन्हें योजना के लाभों पर विचार करने का समय दिया और चकबंदी अधिकारियों को गांव में दोबारा बैठकें व चौपाल आयोजित कर सभी किसानों से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि आम सहमति के साथ चकबंदी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।




