गौकसी हेतु गौ ले जाने के आरोप पर हिन्दू संगठनों ने दिया तहरीर किया प्रदर्शन,पुलिस जांच प्रचलित

दैनिक बुध का संदेश
गोन्डा। जनपद के छपिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत हथियागढ पुलिस चौकी के सामने देर रात 11 बजे के करीब गौ-कशी के आरोप को लेकर बजरंग दल और हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने मसकनवा-गौरा चौकी मार्ग को लगभग तीन घंटे तक जाम रखा। स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात 11 बजे के करीब शुरू हुई और 1 बजे तक चली।हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि मल्हीपुर और केशव नगर ग्रंट के निवासी नासिर और राजेश दो गायों को क्रूरतापूर्वक गौकशी के लिए ले जा रहे थे। बजरंग दल के गौ रक्षकों ने इन गायों को बरामद कर हथियागढ़ पुलिस चौकी में बांध दिया।इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी।सड़क जाम की सूचना मिलते ही मनकापुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) उदित नारायण पालीवाल मौके पर पहुंचे।उन्होंने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मसकनवा-गौरा चौकी मार्ग से जाम हटवाया। बजरंग दल के गौ रक्षक प्रमुख सुरेश कुमार सोनी ने इस संबंध में छपिया थाने में तहरीर दी है।उन्होंने आरोप लगाया कि नसीर और राजेश गायों को गौकशी के लिए ले जा रहे थे और स्थानीय लोगों की सूचना पर जब वे मौके पर पहुंचे तो आरोपी गायों को छोड़कर फरार हो गए।सुरेश कुमार सोनी की तहरीर के आधार पर छपिया थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।सीओ मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को लगा कि गायों को गौकशी के लिए ले जाया जा रहा था,जिसके कारण उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच अभी जारी है और अब तक गौकशी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।




