यूरिया की समस्या को लेकर डी एम से मिले भाजपा जिला प्रभारी

बलरामपुर। भाजपा के किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जिले में उर्वरक की कमी को लेकर अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी से गुरुवार देर शाम को मुलाकात किया। जिला प्रभारी ने यूरिया की समस्या को लेकर डीएम पवन अग्रवाल से मिलकर खाद की समस्या को जल्द से जल्द दूर करने की बात कही। जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने बताया कि जिले में उर्वरक की कमी के चलते किसान परेशान हैं। गुरुवार देर शाम को डीएम पवन अग्रवाल से जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल एवं उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा के साथ मिले। उन्होंने कहा कि खरीफ फसली को लेकर उर्वरक की नितांत आवश्यकता है। किसान खाद को लेकर काफी परेशान हैं। सहकारी समितियों सहित खाद की दुकानों पर लम्बी लाइनें लग रही हैं। खाद की उपलब्धता न होने पर फसलों पर भी बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जिले में बरसात देर से होने के कारण उर्वरक की मांग एकाएक बढ़ी है। जल्द ही जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता होगी।




