सिद्धार्थनगर : प्रशस्ति पत्र प्रदान कर हेड कांस्टेबल का बढाया मान

दैनिक बुद्ध का सन्देश
बांसी/सिद्धार्थनगर। स्थानीय थाना शिवनगर डिडई में तैनात हेड कांस्टेबल संजय गुप्ता को अपने कार्य क्षेत्र में सरहनीय कार्य करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर हेड कांस्टेबल उपरोक्त का पूरे जोन में नाम कर दिया। बुधवार को थाने में आयोजित संक्षिप्त व सादे कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला व एसआई धर्मेन्द्र कुमार प्रजापति द्वारा संजय गुप्ता को अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा भेजा गया प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रशंसा भी की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष शुक्ला ने मौजूद पुलिस परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि संजय गुप्ता ने अपने उत्कृष्ट कार्यों के द्वारा स्वयं के साथ थाने का भी नाम रोशन किया।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कोई भी अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता पूर्वक निर्वहन कर अपने कार्यक्षेत्र में जनता के बीच सम्मान व प्रशंसा का पात्र बनने के साथ अपने विभाग व उच्चाधिकारियों के निगाह में भी प्रशंसा का पात्र बन सकता है। उन्होंने संजय गुप्ता द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप/सी प्लान ऐप में जोड़ना, प्रार्थना पत्रों का जांच/निस्तारण करना अपराधियों के सत्यापन/वांछित अभियुक्तों/अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही एवं धारा 107/116 सीआरपीसी की कार्यवाही, दुराचारियों की निगरानी जैसे कार्यों के लिए प्रशंसा करते हुए बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन द्वारा संजय गुप्ता को माह नवंबर का सर्वाेत्तम बीट पुलिस अधिकारी चुना गया है। शुक्ला ने संजय गुप्ता को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना के साथ अन्य पुलिस कर्मियों को सराहनीय कार्य के लिए प्रोत्साहित भी किया। उक्त दौरान बडी संख्या में अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के साथ क्षेत्र के कई गणमान्य भी मौजूद रहे।

 

Exit mobile version