विशेष अंतर्विभागीय अभियान “प्रोजेक्ट संवर्धन” का डीएम ने किया निरीक्षण

बलरामपुर। जनपद में महिलाओं एवं बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हेतु संचालित विशेष अंतर्विभागीय अभियान “प्रोजेक्ट संवर्धन” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 17, 24 एवं 31 दिसंबर 2025 को 300 पंचायत भवनों पर विशेष टभ्ैछक् सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड श्रीदत्तगंज की ग्राम पंचायत रामपुर बगनहा के पंचायत भवन में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने सत्र में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लेते हुए गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण, वजन-लंबाई माप, पोषण परामर्श तथा स्वास्थ्य जांच की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से संवाद कर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वीएचएसएनडी सत्रों के अवसर पर टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट से निर्मित गुणवत्तापूर्ण पोषाहार का नियमित एवं अनिवार्य रूप से वितरण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं 0 से 05 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोषाहार का समय पर वितरण कुपोषण की रोकथाम में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सत्र स्थल पर उपलब्ध दवाओं, टीकाकरण सामग्री, वजन मशीन, इन्फेंटोमीटर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जांच की और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण की रोकथाम एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में प्रोजेक्ट संवर्धन एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा की कि वे ग्राम स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक गर्भवती महिला एवं बच्चे तक सेवाएं पहुंचाएं तथा सैम एवं मैम बच्चों की पहचान कर समय से उपचार एवं पोषण प्रबंधन सुनिश्चित करें। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश रस्तोगी, जिला प्रतिरक्षा अधिकारी, ग्राम प्रधान रामपुर बगनहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Exit mobile version