रमवापुर दूबे में नाली निर्माण अधर में, जलभराव से बीमारी फैलने का खतरा

सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के बांसी क्षेत्र बांसी अन्तर्गत ग्राम पंचायत रमवापुर दूबे में प्रस्तावित 50 मीटर नाली निर्माण कार्य प्रशासनिक उदासीनता के चलते लम्बे समय से अधर में लटका हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गांव के बीचों-बीच जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण अजय कुमार पुत्र स्व0 राजेन्द्र नाथ ने बताया कि नाली निर्माण को लेकर उन्होंने उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी। इतना ही नहीं वे माननीय मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में दो बार स्वयं उपस्थित होकर भी प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। इस पर तहसील प्रशासन द्वारा सम्बन्धित ब्लॉक व थाना प्रशासन को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये थे। निर्देशों के क्रम में थाना प्रशासन द्वारा निरीक्षण कर टीम गठित करने व रिपोर्ट लगाने की कार्यवाही की गई, जबकि ब्लॉक कार्यालय द्वारा बजट उपलब्ध न होने का हवाला देकर कार्य को टाल दिया गया। हैरानी की बात यह है कि नाली निर्माण के लिए पाइप गिरवाये जा चुके हैं और उनका भुगतान दिसम्बर माह में कर दिया गया, इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ है। स्थिति यह है कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा जलनिकासी के स्थान पर राबिश (मलबा) डाल दिया गया है, जिससे रास्ते पर तालाब जैसी स्थिति बन गई है। इससे न केवल ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि मलेरिया, डेंगू व अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे उच्च अधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक आन्दोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।

Exit mobile version