शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। आस्था का पर्व शारदीय नवरात्रि सोमवार से शुरू हो रहा है। पर्व के आगमन से पहले ही नगर में चहल-पहल बढ़ गई है। शोहरतगढ़़ व बढ़नी बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, जिसमें महिलाओं की तादाद अधिक है। देवी प्रतिमा, पूजन सामग्री, चुनरी, नारियल, कपड़ा, श्रृंगार और मिठाई की दुकानों पर खरीदारी का दौर शुरू हो गया है। शोहरतगढ़़ व बढ़नी के बाजारों में उमड़ी भीड़ से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं। कपड़े, सजावटी सामान और धार्मिक सामग्री की बिक्री में तेजी आई है। नवरात्र शुरू होने से पहले ही लोगों ने घरों व मंदिरों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया है। नगर के विभिन्न स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं को अन्तिम रूप देने का काम भी तेजी से चल रहा है। व्यापारी का कहना है कि इस बार का नवरात्रि पर्व पिछले साल की तुलना में ज्यादा रौनक भरा है। व्यापारी, मोनू पटवा ने बताया कि नवरात्रि में चुनरी, नारियल, कलश और श्रृंगार की वस्तुओं की सबसे अधिक बिक्री हो रही है। लोग श्रद्धा से सामान खरीद रहे हैं, जिससे कारोबार में तेजी आयी है। कपड़ा व्यापारी, हरभजन सिंह ने कहा कि त्योहारों से बाजार को नई जान मिलती है। नवरात्र नजदीक आते ही व्यापार बढ़ने लगा है।
दुर्गा पूजा को लेकर शोहरतगढ़़ व बढ़नी बाजार में चहल-पहल बढ़ी
