दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर विशेश्वरगंज थाना परिसर में गोष्ठी का किया गया आयोजन

दैनिक बुद्ध का सन्देश
विशेश्वरगंज (बहराइच)। थाना विशेश्वरगंज परिसर में दुर्गा पूजा व दशहरा उत्सव को शांति पूर्ण तरीके से संपन्न करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान एएसपी ने दुर्गा पूजा समितियों, आयोजनकर्ताओं व प्रतिमा विसर्जन से जुड़े पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समितियां पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा पंडाल हाईवोल्टेज तार, ट्रांसफार्मर और खंभों से दूर बनाए जाएं। समितियां 20-25 वॉलेंटियर नियुक्त कर उन्हें आईडी कार्ड उपलब्ध कराएं ताकि हर समय सूचना व सहयोग मिलता रहे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विसर्जन जुलूस व रावण दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस भी मौजूद रहेगी। विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, गोताखोर व अग्निशमन दस्ता भी मुहैया कराया जाएगा।
एएसपी ने कहा कि सभी कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए। डीजे संचालकों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन से अवगत कराया जाए, उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। पूजा पंडालों और विसर्जन मार्ग के पास मांस-मछली की दुकानें बंद कराई जाएंगी। गोकशी रोकने के लिए पुलिस सख्ती बरतेगी। उन्होंने थाना पयागपुर व विशेश्वरगंज के विवेचकों से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, प्रेसर हॉर्न व लाल-नीली बत्ती लगे वाहनों पर सख्ती से चालान करने को कहा। इसके अलावा थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र के गंगवल पुरानी बाजार में एएसपी के नेतृत्व में थाना पुलिस बल व आरएएफ कंपनी के साथ फ्लैग मार्च व फुट पेट्रोलिंग की गई।

Exit mobile version