खेसरहा/सिद्धार्थनगर। जिले के विकास खण्ड खेसरहा में मनरेगा में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। मनरेगा की पारदर्शिता के लिए लागू की गई एनएमएमएस योजना में एक ही तस्वीर का उपयोग कई अलग-अलग कामों की हाजिरी के लिए किया गया है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता उपेन्द्र चतुर्वेदी ने मनरेगा की वेबसाइट से स्क्रीनशॉट साझा किये। विकास खण्ड खेसरहा की फरीदाबाद पंचायत में तीन अलग-अलग वर्क आईडी पर काम चल रहे थे। इन कामों में वृक्षारोपण, खाई खुदाई और बंधा निर्माण शामिल था। तीनों कामों के लिए अपलोड की गई ग्रुप फोटो एक समान थी। यह फोटो 5 अगस्त 2025 को एक ही स्थान और समय पर ली गई थी। एक ही समय में तीन अलग-अलग स्थानों पर मजदूरों की उपस्थिति संभव नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि मजदूरों की हाजिरी में हेराफेरी की गई है। विकास खण्ड खेसरहा के बीडीओ अमित सिंह ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जायेगी। सामाजिक कार्यकर्ता उपेन्द्र चतुर्वेदी ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और मजदूरों को दी गई मजदूरी की भी जांच की मांग की है। यह घटना दर्शाती है कि तकनीकी व्यवस्था के बावजूद योजनाओं में अनियमिततायें हो रही हैं।
मनरेगा में एक ही फोटो से तीन जगह मजदूरों की उपस्थिति दिखाने का आरोप
