उसका बाजार रेलवे की बाउण्ड्रीवाल निर्माण कार्य से लोगों में आक्रोश

उसका बाजार/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के सबसे पुराने और व्यस्त स्टेशन उसका बाजार में रेलवे की ओर से किये जा रहे बाउण्ड्रीवाल निर्माण कार्य ने स्थानीय लोगों में आक्रोश है। रेलवे अपनी जमीन पर तेजी से बाउण्ड्री खड़ी कर रहा है, लेकिन इसका सीधा असर लगभग 200 से अधिक मकानों और दुकानों पर पड़ रहा है। रेलवे व राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्र में लाल निशान लगाकर जमीन चिह्नित कर दी है। इससे कई घरों के मुख्य दरवाजे बन्द होने की नौबत आ गई है और बाजार का मुख्य मार्ग भी पूरी तरह अवरुद्ध होने का खतरा है। वहीं स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस कार्रवाई से उनका रोजगार खत्म हो जायेगा। बाउण्ड्रीवाल से एनएच और रेलवे पुल से जुड़ा मार्ग पूरी तरह बन्द हो जायेगा, जिससे आस-पास के गांवों, संस्थाओं और बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो जायेगा। वहीं व्यापारियों और नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सांसद जगदम्बिका पाल और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर बाउण्ड्रीवाल निर्माण को दक्षिण दिशा की ओर शिफ्ट करने की मांग की है। इस सम्बन्ध में सभासद विभूति प्रसाद अग्रहरी, अमित मिश्रा, श्याम गुप्ता, वीरेन्द्र तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने इस कार्य को जनविरोधी करार देते हुए तुरन्त रोकने की मांग की है। इस मार्ग से एफसीआई गोदाम, स्कूल-कॉलेज समेत कई सरकारी संस्थान संचालित होते हैं। ऐसे में बाउण्ड्रीवाल बनने से केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि संस्थागत संचालन भी प्रभावित होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फैसला जनहित के विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से संवाद और समन्वय से समाधान निकालने की अपील की है।

Exit mobile version