पहले से बीमार थे संतबली, झगड़ा देखने गया वहां मौत हो गई: संजय

मेंहदावल। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री तथा निषाद पार्टी के प्रमुख डॉ संजय निषाद मेंहदावल क्षेत्र के अमरडोभा गांव में पहुंचे। वहां पर उन्होंने कहा कि संतबली पहले से ही बीमार था। वह झगड़ा देखने गया था। भगदड़ में उसकी मौत हो गई। इस मामले में जितने भी निषाद परिवार के लोगों पर केस दर्ज हुआ है, सभी की जमानत कराउंगा, निर्दाेषों को जेल नहीं जाने दूंगा। सभी घायलों का इलाज भी कराउंगा। यह बातें अपने दोनों बेटों चौरी चौरा के विधायक श्रवण निषाद तथा संतकबीरनगर के पूर्व सांसद प्रवीण निषाद के साथ अमरडोभा गांव में पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहीं। उन्होंने संतकबीरनगर के सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद पर निषाद समाज के लोगों की उपेक्षा का आरोप लगाया। डॉ. संजय ने प्रशासन को निर्देशित किया कि जो लोग भी असलहा लहराने व फायरिंग करने के आरोपित हैं, उन्हें तत्काल जेल भेजा जाए। डॉ. संजय निषाद ने कहा कि कुछ लोग केवल वोट के लिए जाति की दुहाई देते हैं, लेकिन निषाद समाज से उनका कोई लेना देना नहीं है। जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।

Exit mobile version