आकाशीय बिजली गिरने से मजदूर युवक की दर्दनाक मौत

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र मिश्रौलिया के परसा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। 40 वर्षीय मृतक का नाम घनश्याम पुत्र त्रिवेनी है। वह थाना क्षेत्र मिश्रौलिया के ग्राम गौरा मंगुआ का निवासी बताया जाता है। घटना के बारें में बताया जाता है कि घनश्याम दिहाड़ी पर मजदूरी करता था। गुरुवार को मौसम खराब होने के बावजूद भी वह काम करने के लिए ग्राम केवटलिया जाने के लिए घर से निकला। मगर रास्ते में बूंदाबादी होते देख वह परसा चौराहे पर रुक कर चाय पीने के लिए रुक गया। लगभग आठ बजे वह चाय की दुकान से निकला और केवटलिया की दिशा में रवाना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घनश्याम अभी दुकान से लगभग दो सौ मीटर ही चला होगा कि बादलों की चमक व तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर वह झुलस कर जमीन पर गिरा और अचेत हो गया। यह देख आस-पास के लोगों ने दौड़कर उसे उठाया और तुरन्त पास के स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। आपको बता दें कि घनश्याम अपने परिवार का अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया है। उसकी पत्नी परिवार की चिन्ता में दहाड़ें मार कर बेहोश हो रही है। फिलहाल पुलिस लाश का पंचनामा बनाकर कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version