क्रेशर पर गुड़ की सफाई करते समय मजदूर का कढ़ाई में फिसला पैर

मिहींपुरवा/बहराइच। बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में गुड़ की सफाई करते वक्त पैर फिसलने के कारण मजदूर कढ़ाई में गिरकर बुरी तरह से झुलस गया ; जिसको गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया। मिली जानकारी अनुसार मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा अडगोडवा में सोमवार शाम लगभग 7ः30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी मंटू पुत्र अमर सिंह उम्र 25 वर्ष गांव में ही एक गुड़ के कोल्हू पर मजदूरी का कार्य करता था। मंटू सोमवार शाम कोल्हू पर कढ़ाई में बन रहे गुड़ की सफाई कर रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर पैर फिसलने के कारण वह गुड़ की कढ़ाई में गिर गया ; जिस कारण वह पूरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद अन्य लोगों ने दौड़कर उसे कढाई से बाहर निकाला और परिजनों को घटना की सूचना दी। कोल्हू मालिक और परिजन मजदूर को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर में लाकर भर्ती कराया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद घायल मजदूर की हालत को गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।

Exit mobile version