होली व रमजान को लेकर पुलिस अलर्टरू भिनगा पुलिस लाइन्स में 250 जवानों ने किया बलवा ड्रिल अभ्यास

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती।आगामी त्योहार होली एवं रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से 22 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन्स भिनगा में व्यापक बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया।ड्रिल का आयोजन पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अभ्यास में लगभग 250 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति, विशेषकर दंगा या असामाजिक भीड़ की स्थिति में पुलिस बल की तत्परता, दक्षता एवं संयमित बल प्रयोग की रणनीति को व्यवहारिक रूप से मजबूत करना था।ड्रिल के दौरान टियर गैस गन, एंटी राइट गन और चिली बम सहित विभिन्न दंगा नियंत्रण उपकरणों के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया। बलवा नियंत्रण की पूरी प्रक्रिया को 10 टीमों द्वारा क्रमबद्ध रूप से प्रदर्शित किया गया। इसमें एलआईयू द्वारा अभिसूचना संकलन, नागरिक पुलिस द्वारा भीड़ को समझाना व चेतावनी देना, अग्निशमन दल द्वारा पानी का छिड़काव, टियर गैस स्क्वाड द्वारा अश्रु गैस का प्रयोग तथा लाठी पार्टी द्वारा न्यूनतम बल प्रयोग जैसे सभी चरण शामिल रहे।हिंसक स्थिति की संभावना को ध्यान में रखते हुए आत्मरक्षार्थ फायरिंग की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया। घायलों की सहायता के लिए प्राथमिक चिकित्सा टीम एवं एंबुलेंस की तैनाती तथा स्थिति सामान्य होने के बाद पिकेट व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु रिजर्व बल की तैनाती का भी पूर्वाभ्यास किया गया।पूरे अभ्यास की निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्रिल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।इस दौरान समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार, थाना एवं शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




